प्रधान शिक्षक बहाली में तेजी की मांग, शिक्षकों ने जताई उम्मीद
छपरा | दिनांक: 25 मई 2025
प्रधान शिक्षक बहाली में हो रही देरी को लेकर आज दिनांक 25 मई 2025, रविवार को सारण जिले के नेहरू स्मारक पार्क (शिशु पार्क के पास, डाकबंगला रोड) में भावी प्रधान शिक्षकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भावी प्रधान शिक्षक श्री शंभू जी ने की।
इस बैठक में बीरेंद्र प्रसाद, आर.बी. राज, चंदन सिंह, शोएब रहमान, बलिराम चौधरी, उमेश जी, मृणाल निलोत्पल, न्याज अहमद, कृष्णा मांझी, निरंजन पासवान, अंकेश चौबे, सोनू कुमार, बिरजु कुमार, मिथिलेश कुमार, परमेश्वर मांझी, राकेश कुमार, अभिषेक अमृतांशु और राज कुमार सिंह समेत दर्जनों शिक्षकों ने भाग लिया।
बैठक में उपस्थित सभी शिक्षकों ने एकमत होकर यह चिंता जताई कि प्रधान शिक्षक बहाली में हो रही अनावश्यक देरी से उन्हें हर महीने लगभग ₹5,000 से ₹8,000 तक का आर्थिक नुकसान हो रहा है। साथ ही, इसका प्रभाव उनकी वरिष्ठता और भविष्य की पेंशन पर भी प्रतिकूल रूप से पड़ रहा है।
वक्ताओं में से एक, आर.बी. राज ने हाल में हुई एएनएम बहाली का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार, जिन 100 अभ्यर्थियों पर आपत्ति है, उन्हें छोड़कर शेष 10,600 नर्सों की नियुक्ति प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ाई जा रही है। इसी तर्ज पर प्रधान शिक्षक बहाली में भी 48 लंबित मामलों को छोड़कर शेष सभी योग्य अभ्यर्थियों को विद्यालय आवंटन कर पदस्थापित किया जाना चाहिए।
बैठक में मौजूद शिक्षकों ने शिक्षा विभाग से शीघ्र और ठोस निर्णय की उम्मीद जताई। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि यदि समाधान जल्द नहीं निकला, तो आंदोलनात्मक कदम उठाए जा सकते हैं।
शिक्षक समाज बिहार परिवार इस विषय पर शिक्षा विभाग का ध्यान आकृष्ट करता है और मांग करता है कि योग्य अभ्यर्थियों को शीघ्र न्याय मिले, ताकि शिक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो और शिक्षकों का भविष्य सुरक्षित रह सके।
लेख: शिक्षक समाज बिहार टीम
स्रोत: बैठक में भाग लेने वाले प्रतिभागियों से प्रत्यक्ष जानकारी के आधार पर
प्रकाशन तिथि: 25 मई 2025
Comments
Post a Comment